मुंबई में सड़क हादसे का शिकार हुईं अभिनेत्री नोरा फतेही, बड़ा हादसा टला
मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही शनिवार शाम मुंबई में एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं। बताया जा रहा है कि वह विश्व प्रसिद्ध डीजे डेविड गुएटा के साथ सनबर्न फेस्टिवल 2025 में परफॉर्म करने के लिए रवाना हो रही थीं, तभी एक नशे में धुत ड्राइवर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
यह हादसा मुंबई के अंबोली इलाके में लिंक रोड पर शाम करीब 4 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि नोरा फतेही को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नशे में वाहन चलाने के आरोप में कार चालक को हिरासत में लिए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वहीं, हादसे की खबर सामने आने के बाद नोरा फतेही के प्रशंसकों में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। अभिनेत्री की टीम की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।


