धनबाद में सनसनीखेज वारदात, पेट्रोल पंप पर युवक को गोली मारकर किया घायल
झारखंड के धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र में 18 दिसंबर की देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एनएच-19 पर देवियाना गेट के दिल्ली लेन स्थित मां उमा शक्ति फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) पर पंप मालिक एवं पत्थर कारोबारी राणा प्रताप सिंह के पुत्र सौरभ सिंह को गोली मार दी गई।
घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। गोली सौरभ सिंह के कंधे में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही निरसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल, गोली चलाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


