रांची समेत इन जिलों में ठंड से थोड़ी राहत, 2–3 दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम

रांची समेत इन जिलों में ठंड से थोड़ी राहत, 2–3 दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम

रांची : राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड से लोगों को फिलहाल कुछ राहत मिली है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे सुबह-शाम की ठंड थोड़ी कम महसूस की जा रही है। हालात ऐसे हैं कि जहां पहले दोपहिया वाहन चालकों को शॉल ओढ़कर निकलना पड़ता था, अब एक स्वेटर से ही काम चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक मौसम में यही राहत बनी रह सकती है।

इन जिलों में ठंड का ज्यादा असर
राहत के बावजूद पलामू, गुमला, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा जिलों में ठंड का प्रकोप अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह घना कोहरा, दिनभर ठंडी हवाएं और शाम होते ही बढ़ती ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कुछ जिलों में ठंड हुई कम
देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिलों में ठंड का असर अपेक्षाकृत कम हुआ है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान बढ़कर करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो पहले 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। हालांकि सुबह और दिन के समय ठंडी हवाओं से बचाव जरूरी है।

दो दिन बाद फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके असर से राज्यभर में शीतलहर और कड़ाके की ठंड लौटने की संभावना है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान फिर से गिरकर 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *