ऊर्जा विकास निगम में नेतृत्व संकट, 2 महीने से CMD–MD पद खाली

श्रमिक संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, शीघ्र नियुक्ति की मांग

ऊर्जा विकास निगम में नेतृत्व संकट, 2 महीने से CMD–MD पद खाली

श्रमिक संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, शीघ्र नियुक्ति की मांग
झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने राज्य की ऊर्जा व्यवस्था से जुड़े एक गंभीर मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईमेल के माध्यम से पत्र प्रेषित किया है। पत्र में झारखंड ऊर्जा विकास निगम में चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) जैसे अहम शीर्ष पदों के लगभग दो महीने से रिक्त पड़े रहने पर गहरी चिंता जताई गई है।

संघ के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि ऊर्जा विकास निगम राज्य की आवश्यक सेवाओं से जुड़ा विभाग है, जिसकी जिम्मेदारी बिजली आपूर्ति, वितरण और उपभोक्ता सेवा व्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है। शीर्ष नेतृत्व के अभाव में निगम के प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। नीतिगत फैसलों में देरी, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा तथा कर्मचारियों और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब की स्थिति बनी हुई है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ऊर्जा विभाग का प्रभार स्वयं माननीय मुख्यमंत्री के पास है, ऐसे में इतने महत्वपूर्ण पदों का लंबे समय तक खाली रहना चिंता जनक है। श्रमिक संघ का कहना है कि यदि शीघ्र सक्षम और स्थायी नेतृत्व की नियुक्ति नहीं हुई, तो इसका सीधा नकारात्मक असर प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था, कर्मचारियों के मनोबल और आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

संघ ने मुख्यमंत्री से जनहित एवं राज्यहित को ध्यान में रखते हुए CMD एवं MD पदों पर जल्द योग्य और अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति की मांग की है, ताकि निगम की कार्यप्रणाली सुचारू रूप से संचालित हो सके और उपभोक्ताओं को बेहतर, निर्बाध विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

श्रमिक संघ को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस गंभीर मसले पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक और सकारात्मक निर्णय लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *