लैंड फॉर जॉब घोटाला केस: लालू परिवार के लिए आज अहम दिन, राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई
नई दिल्ली : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बेटों तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव तथा परिवार के अन्य सदस्यों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। राजधानी दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में आज कथित लैंड फॉर जॉब घोटाला (Land for Job Scam) मामले में सुनवाई होनी है।
इस सुनवाई में कोर्ट यह तय करेगा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज FIR के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए जाएं या नहीं। अदालत इस मामले में दलीलों और दस्तावेजों की समीक्षा के बाद अगली कार्यवाही पर फैसला ले सकती है।
बताया जा रहा है कि यह मामला उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे और रेलवे में कथित तौर पर नौकरी देने के बदले जमीन लिए जाने के आरोप सामने आए थे। सीबीआई का आरोप है कि नियमों का उल्लंघन कर नौकरी दिलाने के बदले परिजनों के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।
इस मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज है। आरजेडी नेता इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं, जबकि विपक्ष इसे भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण करार दे रहा है।
अदालत के फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि इससे इस हाई-प्रोफाइल मामले की आगे की दिशा तय होगी।

