शीतकालीन सत्र में आज पेश होगा द्वितीय अनुपूरक बज,एनडीए विधायकों ने सरकार को सदन में घेरने की बनाई रणनीति

शीतकालीन सत्र में आज पेश होगा द्वितीय अनुपूरक बज,एनडीए विधायकों ने सरकार को सदन में घेरने की बनाई रणनीति

रांची — झारखंड विधानसभा के पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र के दौरान सोमवार को राज्य सरकार द्वारा द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसे लेकर सत्तापक्ष ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इधर, एनडीए के विधायकों ने रविवार देर शाम भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बैठक कर सरकार को सदन में घेरने की रणनीति को अंतिम रूप दिया। इस बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की। बैठक में भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, राज सिन्हा, शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया, मंजू कुमारी, डॉ. नीरा यादव, शत्रुघ्न महतो, आजसू पार्टी के निर्मल महतो और लोजपा से जनार्दन पासवान सहित कई विधायक मौजूद रहे।

बैठक के बाद मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने बताया कि सरकार के एक वर्ष पूरे होने के मौके पर जारी आरोप पत्र के आधार पर भाजपा और उसके सहयोगी दल सदन में सरकार की घेराबंदी करेंगे। उन्होंने कहा कि धनबाद में अवैध कोयला कारोबार, राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को जोर-शोर से उठाया जाएगा।

एनडीए नेताओं का कहना है कि सरकार के वादों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर है, जिसे सदन में उजागर किया जाएगा। इसको लेकर विपक्ष पूरी तरह से तैयार है और शीतकालीन सत्र के दौरान सदन के गरम होने के आसार हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *