देवघर से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड के देवघर पहुंचे। आगमन के बाद आज वे विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
पूजा के बाद जेपी नड्डा देवघर में सरदार पंडा, पंडा धर्मरक्षिणि सभा के सदस्यों तथा पंडा समाज से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, पंडा समाज की भूमिका और आगामी राजनीतिक व सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पंडा समाज के साथ यह संवाद भाजपा के जनसंपर्क अभियान के तहत अहम माना जा रहा है। इसके जरिए न केवल संगठन को और मजबूत करने की रणनीति बनाई जाएगी, बल्कि आगामी चुनावी गतिविधियों को लेकर भी दिशा तय की जा सकती है।
जेपी नड्डा के इस दौरे को झारखंड की राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

