राँची में बढ़ती ठंड के बीच जिला प्रशासन सक्रिय, रांची जिले में जगह-जगह अलाव की व्यापक व्यवस्था


बढ़ती ठंड के बीच जिला प्रशासन सक्रिय, रांची जिले में जगह-जगह अलाव की व्यापक व्यवस्था

रांची। लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड को देखते हुए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आम नागरिकों को ठंड से किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है। यह निर्देश उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा दिए गए हैं।

जिले के सभी प्रखंडों में पंचायत भवनों, प्रमुख हाट-बाजारों, चौराहा-चौक सहित जरूरतमंद आबादी वाले स्थानों पर नियमित रूप से अलाव जलाया जा रहा है, ताकि खुली जगहों पर रहने-आने-जाने वाले लोगों को ठंड से राहत मिल सके।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रत्येक प्रखंड में चिन्हित आवश्यक स्थलों पर अलाव लगातार जलते रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पहले से ही सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि अलाव व्यवस्था सुचारू बनी रहे और जरूरत पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त व्यवस्था भी की जा सके।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अलाव की व्यवस्था में कमी नजर आए तो तुरंत अबुआ साथी – 9430328080 या रांची जिला प्रशासन के व्हाट्सएप नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *