श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में भीषण विस्फोट, 9 की मौत – 29 घायल
शुक्रवार देर रात श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन के भीतर हुए एक भयानक विस्फोट ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। इस दर्दनाक घटना में 9 लोगों की मौत और 29 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मरने वालों में अधिकांश पुलिसकर्मी, फॉरेंसिक टीम के सदस्य, और श्रीनगर प्रशासन के दो अधिकारी भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, वहीं घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट से पुलिस स्टेशन की इमारत को गंभीर संरचनात्मक नुकसान हुआ है। आसपास के कई वाहनों और दुकानों की खिड़कियां भी टूट गईं।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया है। बम निरोधक दल और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर जांच में जुटे हुए हैं। विस्फोट के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक जांच में उच्च क्षमता वाले विस्फोटक के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
सरकार ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

