मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ललपनिया में लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोम गाढ़ राजकीय महोत्सव के समापन समारोह में हुए शामिल
जिला के गोमिया प्रखंड स्थित ललपनिया में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोम गाढ़ राजकीय महोत्सव–2025 का आज भव्य समापन हुआ।
समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विधि-विधान से पुनाय थान में लुगूबुरु बाबा की पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
महोत्सव स्थल पर हजारों श्रद्धालु, अनुयायी और आगंतुक एकत्र हुए और पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। यह आयोजन न केवल आदिवासी परंपरा और संस्कृति का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द का संदेश भी देता रहा।
राज्य सरकार द्वारा आयोजित यह महोत्सव झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




