‘सुपर संडे’ में मैदान में उतरेंगे दिग्गज नेता, पीएम मोदी का पटना में भव्य रोड शो
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार का आज ‘सुपर संडे’ है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और महागठबंधन दोनों ही मोर्चों के दिग्गज नेता आज पूरे जोश के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे। पहले चरण के मतदान से पहले आज का दिन राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।
पटना में पीएम मोदी का रोड शो
राजधानी पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम भव्य रोड शो करेंगे। एनडीए इस कार्यक्रम को चुनाव प्रचार का सबसे बड़ा शो ऑफ स्ट्रेंथ बना रहा है। रोड शो में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने पूरे रूट पर कड़े इंतज़ाम किए हैं।
एनडीए के नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो राज्य में भाजपा-जदयू गठबंधन के पक्ष में माहौल को मजबूती देगा।
अमित शाह की दो बड़ी रैलियां
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज भागलपुर और गया जिलों में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। शाह अपनी सभाओं में केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतीश कुमार सरकार के कामकाज को जनता के सामने रखेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों जगहों पर रैली की भव्य तैयारियां की हैं।

