जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह गिरफ्तार, दुलारचंद यादव हत्याकांड से जुड़ा मामला

जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह गिरफ्तार, दुलारचंद यादव हत्याकांड से जुड़ा मामला

बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मोकामा सीट पर सियासी हलचल तेज हो गई है। जनता दल (यूनाइटेड) के बाहुबली प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह को पटना पुलिस ने दुलारचंद यादव हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। टीम कई दिनों से मोकामा हत्याकांड की जांच में जुटी थी। शनिवार देर शाम पुलिस ने बाढ़ के कारगिल मार्केट इलाके में छापेमारी कर अनंत सिंह को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें रातों-रात पटना लाया गया।

गिरफ्तारी की खबर फैलते ही मोकामा और आसपास के इलाकों में सियासी हलचल बढ़ गई है। समर्थकों की भीड़ अनंत सिंह के निवास के बाहर जुटने लगी। वहीं, पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

बताया जा रहा है कि दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में अनंत सिंह का नाम मुख्य आरोपियों में शामिल है। फिलहाल पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि घटना के पीछे की साजिश और अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

वहीं, जेडीयू ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
बिहार की राजनीति में एक बार फिर से मोकामा सुर्खियों में है — और यह गिरफ्तारी आगामी चुनावी समीकरणों को गहराई से प्रभावित कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *