झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट! साइक्लोन ‘मोंथा’ के प्रभाव से मौसम बिगड़ा, रांची सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी


झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट! साइक्लोन ‘मोंथा’ के प्रभाव से मौसम बिगड़ा, रांची सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

झारखंड के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। दक्षिणी तट पर आंध्र प्रदेश में लैंडफॉल के बाद कमजोर पड़ चुके साइक्लोन ‘मोंथा’ का असर अब झारखंड में दिखाई देने लगा है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रांची, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, रामगढ़, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) चल सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि साइक्लोन मोंथा का लो-प्रेशर एरिया अब झारखंड के ऊपर सक्रिय हो गया है, जिससे अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश की स्थिति बन सकती है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट रहने और निचले इलाकों में चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं, राजधानी रांची में गुरुवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हैं और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, खुले क्षेत्रों में वाहन पार्क न करें और बिजली के खंभों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *