चाईबासा लाठीचार्ज पर भाजपा हुई आक्रामक — राज्यभर में पुतला दहन, कल पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला में 12 घंटे का बंद
चाईबासा में बीती रात हुए लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई को लेकर झारखंड में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भाजपा ने इसे जनविरोधी, बर्बर और हिंसक कार्रवाई बताते हुए हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
पार्टी ने आज पूरे राज्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने और कल 29 अक्टूबर को पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) व सरायकेला-खरसावां जिलों में 12 घंटे का बंद बुलाने की घोषणा की है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा, जिसमें आवश्यक सेवाओं को बाधित नहीं किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने रांची में प्रेसवार्ता कर इस बंद की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चाईबासा में एनएच 220 पर बड़े वाहनों की नो-एंट्री की मांग को लेकर स्थानीय जनता लोकतांत्रिक तरीके से धरना प्रदर्शन कर रही थी। लेकिन रात होते ही पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
साहू ने इस कार्रवाई को “जनविरोधी और बर्बर” करार देते हुए कहा कि —
“लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता का अधिकार है, लेकिन झारखंड की सरकार अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को लाठी और गोली से कुचल रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि चाईबासा बाईपास (NH-220) पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण पिछले एक वर्ष में लगभग 154 लोगों की जान जा चुकी है, और पिछले 10 दिनों में 4 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सरकार चुप बैठी है।
उन्होंने कहा कि जनता की मांगों को सुनने के बजाय रात में पुलिस भेजकर आंदोलन को कुचलना, हेमंत सरकार की संवेदनहीनता और दमनकारी रवैये को दर्शाता है।
भाजपा ने चाईबासा की पूरी घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की है और कहा है कि राज्य सरकार दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।


