पांच साल बाद भारत-चीन के बीच सीधी हवाई सेवा बहाल
कोलकाता से चीन के लिए सीधी हवाई सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है। पांच वर्षों के लंबे अंतराल के बाद रविवार रात इंडिगो एयरलाइंस की कोलकाता से ग्वांगझू के लिए नॉन-स्टॉप उड़ान रवाना हुई।
यह उड़ान रात 10 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई। अधिकारियों ने बताया कि यह 2020 के बाद पहली बार है जब किसी भारतीय शहर से चीन के लिए सीधी उड़ान शुरू की गई है। कोरोना महामारी के कारण भारत और चीन के बीच सभी हवाई सेवाएं बंद कर दी गई थीं।
“यह उड़ान दोनों देशों के बीच व्यावसायिक और सांस्कृतिक संबंधों को फिर से मजबूत करेगी। इससे व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।”
इंडिगो ने फिलहाल इस मार्ग पर सप्ताह में तीन उड़ानें संचालित करने की योजना बनाई है। एयरलाइन का कहना है कि यात्रियों की मांग के आधार पर जल्द ही उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
सीधी उड़ान सेवा के शुरू होने से पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और आसपास के राज्यों के यात्रियों को चीन जाने में काफी सुविधा मिलेगी।

