राजधानी रांची में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है।
राजधानी रांची के सभी प्रमुख छठ घाटों पर जिला प्रशासन ने दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों सहित करीब पांच हजार जवानों की तैनाती की है। सभी पदाधिकारियों और जवानों को 27 अक्टूबर की दोपहर 2 बजे से लेकर 28 अक्टूबर की तड़के 3 बजे तक ड्यूटी पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला पुलिस, बीएमपी, जैप, आईआरबी, एनडीआरएफ और रैफ की टीमों को लगाया गया है। घाटों पर सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि भीड़ में सुरक्षा पर नजर रखी जा सके।
छठ घाटों के आसपास वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन कैमरे के जरिए घाटों की निगरानी की जाएगी।

