डीएमएफटी फंड घोटाले पर बाबूलाल मरांडी का झारखंड सरकार पर हमला, उच्च स्तरीय जांच की मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर डीएमएफटी (जिला खनिज फंड ट्रस्ट) फंड के दुरुपयोग को लेकर कड़ा प्रहार किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में खनिज फंड की योजनाओं में व्यापक भ्रष्टाचार हो रहा है और इसकी परतें अब धीरे-धीरे खुलने लगी हैं।
मरांडी ने कहा कि बोकारो में उजागर हुए घोटाले के बाद अब धनबाद और कोडरमा में भी इसी तरह के नए मामले सामने आ रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि डीएमएफटी फंड में गड़बड़ी पूरे राज्य में फैली हुई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि इस फंड का उद्देश्य खनन प्रभावित इलाकों का विकास था, लेकिन सरकार ने इसे राजनीतिक लाभ और भ्रष्टाचार का जरिया बना दिया है।
मरांडी ने आरोप लगाया कि कई जिलों में डीएमएफटी फंड से ऐसे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है जिनका स्थानीय जनता से कोई सरोकार नहीं है, और ठेकेदारों तथा अधिकारियों की मिलीभगत से करोड़ों रुपये की हेराफेरी हुई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द जांच नहीं कराई, तो भाजपा इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाएगी।
