चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह पुलिस मुठभेड़ में घायल।



कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की हत्या के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह की रविवार देर रात रांची पुलिस से मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटू में ITBP कैंप के पास हुई, जिसमें अभिषेक को गोली लगी है। पूरा मामला शनिवार देर रात चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और अपराधी की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू किया। पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक सिंह ITBP कैंप के पास छिपा हुआ है। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभिषेक को गोली लगी। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है।
उन्होंने कहा…कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।