मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2025 के समापन समारोह में की शिरकत
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा, रांची में आयोजित 20वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2025 के समापन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस ड्यूटी मीट में आयोजित तकनीकी अनुसंधान प्रतियोगिता तथा क्षेत्रीय स्तर पर विभिन्न पुलिस स्पर्धाओं में चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
मुख्यमंत्री सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि
“पुलिस विभाग किसी भी राज्य की रीढ़ की हड्डी होता है। वर्तमान समय में पुलिस की जिम्मेदारियां चुनौतियों से भरी हुई हैं। राज्य में विकास के साथ-साथ पुलिस की चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे में इस तकनीकी युग में पुलिस जवानों को अधिक से अधिक दक्ष बनाना समय की आवश्यकता है।”
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पुलिस महकमे को मजबूत और दक्ष बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस दिशा में तकनीकी प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और संरचनात्मक सुधार के माध्यम से राज्य पुलिस को सशक्त किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया तथा उनकी ईमानदार भागीदारी की सराहना की। उन्होंने तीन उत्कृष्ट अनुसंधानकर्ताओं को भी विशेष पुरस्कार प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि पुलिस ड्यूटी मीट में प्रतिभागियों द्वारा अर्जित ज्ञान और अनुभव राज्य की पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने में सहायक होगा। उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि चयनित प्रतिभागी आगामी अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट-2025 में झारखंड का नाम रोशन करेंगे।



