मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अध्यक्षता में उन राजनीतिक दलों की सुनवाई हुई, जिनका पता लंबे समय से नहीं चल पा रहा था।
झारखंड में पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त 5 राजनीतिक दलों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस क्रम में सभी दलों को शपथ पत्र और लिखित पक्ष मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था।
आज आयोजित बैठक में सिर्फ झारखंड जनाधिकार पार्टी ने अपने अस्तित्व को लेकर पक्ष रखा। जबकि अन्य 4 राजनीतिक दल —
1-हजारीबाग का आपका हमारा पार्टी,
2- गिरिडीह का बहुजन सदान मोर्चा,
3-पूर्वी सिंहभूम का झारखंड दिशाेम पार्टी, और
4- रांची का हम किसान पार्टी
के कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक इन दलों को पहले ही पंजीकृत पत्राचार पते पर सूचना भेजी गई थी। साथ ही आम सूचना के रूप में समाचार पत्रों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी जानकारी दी गई थी।
फिलहाल, चार राजनीतिक दलों के अनुपस्थित रहने से इन पर निर्वाचन आयोग की कार्रवाई की संभावना और तेज हो गई.
