मानसून में जलप्रपात बने खतरों का केंद्र, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
मानसून की मूसलाधार बारिश से झारखंड के जलप्रपात इस समय उफान पर हैं। दशम फॉल, पंचघाघ, रानी फॉल और पेरवांघाघ समेत सभी प्रमुख जलप्रपातों में पानी का बहाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।
दशम फॉल में 144 फीट ऊंचाई से कांची नदी की तेज धार गिर रही है। लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं, जलाशयों के फाटक खोलने पड़ रहे हैं।
मौसम विभाग ने राज्य में अगले कुछ दिनों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से चेतावनी दी गई है कि पर्यटक ऐसे समय में नदी, तालाब, जलाशय, जलप्रपात, पहाड़ और जंगल जैसी जगहों पर जाने से परहेज करें।
हालांकि, बरसात के मौसम में प्रकृति की खूबसूरती सैलानियों को आकर्षित कर रही है। जलप्रपातों का नजारा मनमोहक है, लेकिन पानी का उफान और तेज धार इन दिनों बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।
