पलामू में वज्रपात से चार लोगों की दर्दनाक मौत, गांवों में छाया मातम

पलामू में वज्रपात से चार लोगों की दर्दनाक मौत, गांवों में छाया मातम

 झारखंड के पलामू जिले में वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक खेतों में कृषि कार्य में लगे हुए थे, जब अचानक मौसम खराब हुआ और आसमानी बिजली गिरने से ये हादसे हो गए।

पहली घटना पांकी प्रखंड के केकरगढ़ पंचायत अंतर्गत ग्राम जोल्हबिघा में घटी। शाम के समय धान की रोपाई कर रही तीन महिलाएं वज्रपात की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान ओकीदा खातून (34)रेशमी बीवी (35) – दोनों जरीफ अंसारी की बेटियां और जोल्हबिघा की निवासी थीं, तथा राजवी बीबी (40) – माशूक अंसारी की पत्नी के रूप में हुई है। राजवी बीबी अपने मायके जोल्हबिघा आई थीं और धान की रोपाई में मदद कर रही थीं।

दूसरी दर्दनाक घटना पाटन थाना क्षेत्र के नावाडीह भुड़वा गांव में हुई। यहाँ 32 वर्षीय निरंजन मेहता खेत में धान का बिजड़ा ढो रहे थे, तभी अचानक वज्रपात हुआ और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। निरंजन मेहता अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक बेटी मात्र डेढ़ साल की है।

इन घटनाओं ने स्थानीय इलाकों में शोक की लहर दौड़ा दी है। गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं। प्रशासन की ओर से फिलहाल किसी प्रकार की राहत या मुआवजे की घोषणा नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *