69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी: दूसरे दिन झारखंड का दमदार प्रदर्शन, बालक-बालिका दोनों टीमों की शानदार जीत

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली अंडर-17 बालक एवं बालिका हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं इकाइयों की कुल 63 टीमों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया।
लीग मुकाबलों में मेजबान झारखंड की दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। बालक वर्ग में झारखंड ने चंडीगढ़ को 3–0 से पराजित किया, वहीं बालिका वर्ग में झारखंड ने गुजरात को 3–0 से हराकर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 31 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। मुकाबले जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी (रांची), मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, बरियातू, रेलवे स्टेशन एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, हटिया तथा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, खूंटी में खेले जा रहे हैं।
बालक वर्ग के मुकाबलों के परिणाम
बालक वर्ग में ओडिशा ने जम्मू-कश्मीर को 13–0 से हराकर दिन की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। हरियाणा ने पश्चिम बंगाल को 3–1 से, उत्तर प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को 5–0 से, दिल्ली ने पुडुचेरी को 4–0 से और मणिपुर ने बिहार को 4–1 से पराजित किया। विद्या भारती ने तेलंगाना को 7–0 से, जबकि केरल ने आईपीएससी को 5–2 से हराया।
अन्य मुकाबलों में पंजाब ने उत्तराखंड को 2–0 से, मध्य प्रदेश ने केवीएस को 4–2 से, कर्नाटक ने सीबीएसई वेलफेयर को 16–0 से, राजस्थान ने सीआईएससीई को 6–1 से और हिमाचल प्रदेश ने महाराष्ट्र को 4–1 से पराजित किया। आंध्र प्रदेश बनाम त्रिपुरा तथा तमिलनाडु बनाम गुजरात के मुकाबले 2–2 गोल से ड्रॉ रहे। वहीं सीबीएसई ने दादरा नगर हवेली एवं दमन-दीव को 3–1 से हराया।
बालिका वर्ग के मुकाबलों के परिणाम
बालिका वर्ग में झारखंड ने गुजरात को 3–0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हरियाणा ने दिल्ली को 5–0 से, हिमाचल प्रदेश ने केरल को 5–0 से और पंजाब ने चंडीगढ़ को 2–0 से पराजित किया। नवोदय विद्यालय समिति ने त्रिपुरा को 1–0 से मात दी। छत्तीसगढ़ ने तमिलनाडु को 4–2 से हराया, जबकि महाराष्ट्र ने जम्मू-कश्मीर को 7–0 से करारी शिकस्त दी।
अन्य मुकाबलों में उत्तर प्रदेश ने केवीएस को 7–0 से, ओडिशा ने राजस्थान को 7–0 से, सीआईएससीई ने पश्चिम बंगाल को 1–0 से, कर्नाटक ने आईपीएससी को 15–0 से, पुडुचेरी ने तेलंगाना को 3–0 से, मिजोरम ने विद्या भारती को 7–0 से, मध्य प्रदेश ने मणिपुर को 2–0 से तथा आंध्र प्रदेश ने बिहार को 1–0 से पराजित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *