जयनगर थाना क्षेत्र के गडियाही (खरपोका) बिरहोर टोला से लापता हुए 10 आदिम जनजाति के बच्चों को कोडरमा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। सभी बच्चे बिहार के गया स्थित बाल गृह में सुरक्षित पाए गए, जहां से पुलिस ने उनकी पहचान कराकर उन्हें वापस कोडरमा लाया।
जानकारी के अनुसार 6 फरवरी को बच्चों के परिजनों ने संयुक्त आवेदन देकर जयनगर थाना में सूचना दी थी कि 31 जनवरी को गांव के करीब 70 लोग परसाबाद में एक श्राद्ध कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय 10 बच्चे घर वापस नहीं पहुंचे। इस मामले में जयनगर थाना कांड संख्या 17/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में आठ विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों में डीएसपी, इंस्पेक्टर, अवर निरीक्षक, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया। पुलिस ने गया से आसनसोल और रांची तक के रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, बाजारों और संभावित ठिकानों पर सघन खोजबीन की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सोशल मीडिया के जरिए भी बच्चों की जानकारी प्रसारित की गई।
जांच के दौरान पुलिस की एक टीम को सूचना मिली कि कुछ बच्चे गया में मिले हैं। सत्यापन के लिए पुलिस टीम गया पहुंची, जहां चाइल्ड वेलफेयर कमेटी से पता चला कि 2 फरवरी को 10 बच्चे मिला कर सुरक्षार्थ बाल गृह में रखे गए हैं। परिजनों से पहचान कराने के बाद बच्चों को सकुशल कोडरमा लाया गया। अब उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर विधिक प्रक्रिया के बाद माता-पिता को सौंपा जाएगा।
पूरे अभियान के दौरान बोकारो रेंज के आईजी और हजारीबाग रेंज के डीआईजी का भी मार्गदर्शन पुलिस को मिलता रहा। इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की सराहना की जा रही है।


