मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में पतरातु विद्युत निगम लिमिटेड (PVNL) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) श्अशोक कुमार सहगल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में ह्यूमन रिसोर्स प्रमुख श्री जेड रहमान, वरीय प्रबंधक पंकज कुमार सिंह एवं डीजीएम श्री जे. महापात्र शामिल थे।
इस अवसर पर पीवीएनएल के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 5 नवंबर 2025 से पतरातु परियोजना की 800 मेगावाट क्षमता वाली एक यूनिट से व्यावसायिक बिजली उत्पादन प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री द्वारा हर स्तर पर मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार के सहयोग के कारण ही यह यूनिट निर्धारित समय पर चालू हो सकी है। साथ ही, इस यूनिट के संचालन से झारखंड बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर हुआ है। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पतरातु विद्युत निगम लिमिटेड के भ्रमण का भी आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है, ताकि राज्य के औद्योगिक, कृषि और घरेलू क्षेत्रों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने पीवीएनएल के वरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए भी ठोस पहल करें, ताकि ऊर्जा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें और राज्य के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा सके।


