झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायकों का विरोध प्रदर्शन, “क्या हुआ तेरा वादा” के नारों से सरकार पर हमला


झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायकों का विरोध प्रदर्शन, “क्या हुआ तेरा वादा” के नारों से सरकार पर हमला


झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज चौथा दिन हंगामेदार शुरुआत के साथ शुरू हुआ। सदन की कार्यवाही भले ही प्रश्नकाल से आरंभ हुई, लेकिन सदन के भीतर जाने से पहले ही एनडीए और भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

विरोध के दौरान विधायक हाथों में तख्तियां लिए नजर आए, जिन पर “क्या हुआ तेरा वादा” लिखा हुआ था। इसके जरिए भाजपा विधायकों ने राज्य सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाते हुए हेमंत सरकार पर सीधा निशाना साधा। प्रदर्शन के दौरान राज्य से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को उठाया गया और सरकार को घेरने की कोशिश की गई।

इसी क्रम में भाजपा की वरिष्ठ विधायक नीरा यादव भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले जनता से सात बड़े वादे किए थे, लेकिन आज तक एक भी वादा धरातल पर पूरा नहीं हुआ है। जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान नीरा यादव ने फिल्मी अंदाज में प्रसिद्ध गीत “क्या हुआ तेरा वादा” गुनगुनाकर सरकार पर तंज कसा और हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।

विधानसभा परिसर में हुए इस प्रदर्शन से सत्र का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक जनता से किए गए वादे पूरे नहीं होते, उनका विरोध जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *