मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
दानापुर के मानस नया पानापुर गांव में बीती देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। यह गांव सारण और पटना की सीमा से सटे दियारा क्षेत्र में स्थित है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हादसे के वक्त पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। अचानक मकान की पुरानी छत भरभरा कर गिर गई, जिससे सभी लोग मलबे के नीचे दब गए।
मृतकों की पहचान मोहम्मद बबलू (35), उनकी पत्नी रोशन खातून (30), बेटी रुसार (12), बेटा चांद (10) और छोटी बेटी चांदनी (2) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
