हज 2026 की तैयारियों पर स्वास्थ्य मंत्री की बड़ी बैठक, 7 फरवरी तक मेडिकल स्क्रीनिंग पूरी करने का निर्देश


झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री एवं झारखंड राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने हज 2026 की तैयारियों को लेकर राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने बताया कि झारखंड से इस वर्ष लगभग 1670 हज यात्रियों के जाने का प्रस्ताव है। निर्देश दिया गया कि 7 फरवरी 2026 तक सभी यात्रियों की अनिवार्य मेडिकल जांच पूरी कर ली जाए, ताकि 8 फरवरी से वैक्सीनेशन प्रक्रिया शुरू की जा सके। मेडिकल स्क्रीनिंग के बाद ही वीज़ा से संबंधित आगे की प्रक्रिया संभव होगी।
बैठक में सभी जिलों में स्पष्ट और एकरूप गाइडलाइन जारी करने, नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने तथा हज यात्रियों को स्वास्थ्य जांच के दौरान प्राथमिकता और सम्मानजनक सुविधा देने पर जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि पूरी मेडिकल जांच और वैक्सीनेशन राज्य सरकार की ओर से निशुल्क कराया जाएगा।
डॉ. अंसारी ने सिविल सर्जनों को निर्देश दिया कि हज यात्रियों के साथ पूरी शालीनता से व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार हज यात्रियों को बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
रांची से इमिग्रेशन प्वाइंट को कोलकाता स्थानांतरित किए जाने पर चिंता जताते हुए मंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर हज कमेटी ऑफ इंडिया से बातचीत चल रही है और जल्द ठोस पहल की जाएगी। साथ ही राज्य हज हाउस को आधुनिक बनाने के लिए विशेष राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिस तरह राज्य सरकार अन्य धार्मिक यात्राओं के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करती है, उसी तरह हज यात्रियों को भी मुकम्मल स्वास्थ्य और प्रशासनिक सहयोग दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *