हजारीबाग में हाथियों का तांडव: घर में सो रहे 6 लोगों को कुचलकर मार डाला

झारखंड के हजारीबाग जिले में गुरुवार देर रात हाथियों के झुंड ने भीषण तांडव मचाया। अंगो थाना क्षेत्र और चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में जंगली हाथियों ने घरों पर हमला कर 6 लोगों को कुचल कर मार डाला। घटना के समय सभी लोग अपने घरों में सो रहे थे।

मृतकों में एक साल के मासूम बच्चे से लेकर 50 साल से अधिक उम्र के लोग शामिल हैं। मरने वालों की पहचान सुमन कुमारी (26), धनेश्वर राम (52), सूरज राम (50), सविता देवी (25) और दो छोटे बच्चे अनुराग राम (1) तथा संजना कुमारी (3) के रूप में हुई है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण पूरी रात भय के साये में जागते रहे। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *