हजारीबाग के चौपारण में अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाईपुलिस–वन विभाग के संयुक्त अभियान में 70 एकड़ फसल नष्ट


हजारीबाग।
हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राप्त सूचना के आधार पर 21 जनवरी 2026 को चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम सिकदा में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर लगभग 70 एकड़ क्षेत्र में लगी अवैध अफीम की फसल को मौके पर ही विनष्ट कर दिया।
यह क्षेत्र बिहार सीमा से सटे फल्गु नदी के किनारे स्थित है, जहां बड़े पैमाने पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। अभियान के दौरान सिकदा गांव के विभिन्न इलाकों में फैली खेती को चिन्हित कर पूरी तरह नष्ट किया गया।
मौके से सामग्री बरामद
कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से सिंचाई में प्रयुक्त 15 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले लोगों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
ड्रोन से हो रही निगरानी
उल्लेखनीय है कि दुर्गम और वन क्षेत्र में फैले इलाकों की पहचान के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे अवैध अफीम की खेती पर प्रभावी तरीके से कार्रवाई की जा सके।
संयुक्त टीम की भूमिका
इस अभियान में एसडीपीओ बरही अजित कुमार बिमल, पु.नि. चंद्रशेखर (बरही अंचल), थाना प्रभारी चौपारण सरोज सिंह चौधरी, विभिन्न पुलिस अधिकारियों, सशस्त्र बल एवं वन विभाग के बनपाल कुलदीप कुमार सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *