स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी एक्शन मोड में — बुंडू हादसे के घायलों से मिले, RIMS में औचक निरीक्षण कर दी सख्त चेतावनी
लापरवाही बर्दाश्त नहीं — मंत्री ने RIMS अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी, मृतकों के परिजनों को ₹1 लाख की सहायता, घायलों को मिली व्यक्तिगत मदद
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शनिवार को रांची के बुंडू में हुए सड़क हादसे के घायलों का हाल जानने स्वयं पहुंचे। उन्होंने RIMS अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की, उनके उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. अंसारी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को ₹1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने घायलों को व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक मदद भी प्रदान की। उन्होंने कहा —
“दुर्घटना में मारे गए परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी।”
RIMS में औचक निरीक्षण, दी सख्त चेतावनी
हादसे के बाद मंत्री डॉ. अंसारी रिम्स (RIMS) पहुंचे, जहां उन्होंने ब्लड बैंक, वार्ड और आपात सेवा इकाई का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत की और दवाओं की उपलब्धता, सफाई और सुविधाओं की स्थिति जानी।
उन्होंने RIMS निदेशक और सुपरिंटेंडेंट को सख्त चेतावनी देते हुए कहा —
“आपको बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, इसलिए परिणाम भी बड़े चाहिए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग संवेदनशील है — किसी को मौका मत दो जिससे स्वास्थ्य विभाग की साख पर सवाल उठे।”
मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी वार्डों का नियमित निरीक्षण किया जाए, मरीजों की शिकायतों का तत्काल निपटारा हो और दवा सप्लाई चेन में किसी भी गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाए।





