स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आज रांची स्थित स्वामी विवेकानंद सरोवर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय शहरी विकास, आवास एवं ऊर्जा मंत्री आदरणीय मनोहर लाल खट्टर जी एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने स्वामी विवेकानंद को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कम आयु में ही वैश्विक स्तर पर भारत की जो अमिट छाप छोड़ी, वह प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। स्वामी विवेकानंद का जीवन यह संदेश देता है कि यदि लक्ष्य बड़ा हो और उसके प्रति पूर्ण समर्पण हो, तो किसी भी परिस्थिति में लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के पदचिन्हों पर चलते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी आज भारत को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिला रहे हैं। भारत की युवा शक्ति ही देश की असली ऊर्जा है और यदि इस ऊर्जा को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से कार्य करने में लगाया जाए, तो स्वामी विवेकानंद के सपनों के भारत के निर्माण का मार्ग और अधिक सशक्त होगा।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिला पूर्वी के अध्यक्ष धीरज महतो, स्वामी भावेशानंद जी सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।



