सारंडा जंगल में माओवादियों की सक्रियता, एयरटेल टावर को किया आग के हवाले
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में एक बार फिर माओवादियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। शनिवार देर रात जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलभोंगा गांव में स्थित एयरटेल कंपनी के मोबाइल टावर पर माओवादियों ने हमला कर टावर को आग के हवाले कर दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना देर रात की है जब कुछ हथियारबंद माओवादी जंगल से निकलकर गांव पहुंचे और टावर परिसर में आगजनी की। मौके पर लगाए गए बैनर और पोस्टर में माओवादियों ने इसे अपने ‘प्रतिशोध सप्ताह (8 से 14 अक्टूबर)’ के तहत अंजाम दिया बताया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम रविवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
सुरक्षा बलों ने बताया कि माओवादी इस तरह की घटनाओं के जरिए इलाके में भय का माहौल बनाना चाहते हैं, लेकिन उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पश्चिमी सिंहभूम का सारंडा इलाका लंबे समय से माओवादियों का गढ़ रहा है, जहां सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई के बावजूद वे समय-समय पर अपनी मौजूदगी जताने की कोशिश करते हैं।

