ख़बर बिहार

विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही के कारण दो दिनों तक भूखी रहीं कस्तूरबा की छात्राएं

School

मुजफ्फरपुर। प्रखंड क्षेत्र के जारंग पश्चिमी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) की छात्राए स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण 20 घंटे तक भूखी रही। रसोई  गैस खत्म हो जाने के कारण रविवार रात छात्रावास में खाना नहीं बना। सोमवार सुबह भी छात्राओं को खाना नहीं मिला। इसके बाद भूख से त्रस्त 95 छात्राएं स्कूल जाने की बजाए छात्रावास के बाहर धरना पर बैठ गईं। इसके बाद हड़कत में आए अधिकारियों ने दोपहर दो बजे छात्राओं के लिए भोजन की व्यवस्था की। धरना पर बैठी छात्राएं एचएम पर मनमानी व अभद्र व्यवहार का आरोप लगा रही थीं।

छात्राओं के भूखे होने व धरना पर बैठे होने की सूचना से प्रखंड व जिले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची केजीबीवी की जिला कोआॅर्डिनेटर मेनका कुमारी ने दूसरे स्कूल से गैस सिलेंडर मंगवाकर दोपहर में खाना बनवाया। इसके बाद रात से भूखी छात्राओं को खाना खिलाया गया। इस बीच डीएम धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर गायघाट बीडीओ पंकज कुमार व डीपीओ सर्व शिक्षा अभियान मो. असगर अली मौके पर पहुंचे व पूरे मामले की छानबीन की। जांच के दौरान वार्डेन रुपा कुमारी सहित छात्रावास की छात्राओं से मामले की जानकारी ली।

जारंग स्थित केजीबीवी मध्य विद्यालय जारंग गोटोली के अंतर्गत संचालित है। वार्डेन व छात्राओं ने अधिकारियों को बताया कि एचएम मुकेश कुमार सिंह मनमानी करते हैं। छात्राओं ने एचएम पर दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है। वार्डेन ने बताया कि रविवार शाम में बच्चियों को नाश्ता दिया गया। इसके बाद गैस खत्म हो गया। गैस कम होने की जानकारी पहले ही एचएम को दी गई थी। शुक्रवार को चेक लेकर एचएम के पास गई थी। लेकिन, उन्होंने चेक फेंक दिया। वहीं, गैस आपूर्तिकर्ता 35 हजार रुपये बकाया होने की बात कहकर गैस देने से मना कर दिया।

गैस खत्म होने के कारण रात में खाना नहीं बना। सुबह में भी गैस की व्यवस्था नहीं होने से नाश्ता नहीं बना। भूख से परेशान छात्राओं ने कक्षा में जाने से इनकार कर दिया और एचएम के खिलाफ छात्रावास के बाहर धरना पर बैठ गई। मामले की सूचना पर केजीबीवी की जिला कोआॅर्डिनेटर मेनका कुमारी छात्रावास पहुंची। तत्काल दूसरे विद्यालय से गैस सिलेंडर मंगवा कर भोजन बनवाया। इसके बाद करीब दो बजे छात्राओं को खाना मिला। मुखिया मनीष भारद्वाज सरपंच ललितेश्वर मिश्र और ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार शाम से ही छात्रावास मे भोजन नही बनाया जा रहा है।

रसोइया गीता देवी ने बताया कि मुकेश सर को कितने बार कहने गये कि बच्चे भूख से रो रही है पर हमे भी डांट कर भगा दिये फिर रात मे सभी बच्चे को चूड़ा चीनी खिलाई। वहीं, जांच को पहुंचे डीपीओ सर्व शिक्षा अभियान मो. असगर अली व बीडीओ पंकज कुमार ने बताया कि वार्डेन व छात्राओं का बयान दर्ज किया गया है। इसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय व राज्य मुख्यालय को भेजी जाएगी। दूसरी ओर एचएम मुकेश कुमार सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए
आरोप को गलत बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *