लातेहार में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या, डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपी गिरफ्तार


लातेहार :
लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत छिपादोहर थाना क्षेत्र के चुंगरू पंचायत में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना रविवार देर शाम होशिर ग्राम की बताई जा रही है।
सोमवार सुबह गांव में छात्रा का शव लावारिस हालत में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही छिपादोहर थाना प्रभारी यकीन अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
मामले के उद्भेदन के लिए डालटनगंज से सीआईडी विभाग की डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया। डॉग स्क्वायड टीम के हलवदार राजेश कुमार पाण्डेय एवं कांस्टेबल जयंत कुमार के नेतृत्व में डॉग ‘माचो’ की मदद से मामले का सफल उद्भेदन किया गया, जिसके आधार पर दुष्कर्म व हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
थाना प्रभारी यकीन अंसारी ने बताया कि रविवार शाम छात्रा शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर पहाड़ी नाला गई थी। लौटने के दौरान आरोपी संतोष सिंह (पिता– स्व. सुदामा सिंह) ने भूसा उठाने के बहाने उसे अपने घर बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। छात्रा द्वारा विरोध करने और मामले की जानकारी गांव वालों को देने की बात कहने पर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
आरोपी ने पूरी रात शव को अपने घर में छुपाकर रखा और सोमवार सुबह अपने घर के पीछे शव को रख दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *