रांची : 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ट्रैक साइक्लिंग में झारखंड का शानदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण व एक रजत पदक जीते

रांची : 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ट्रैक साइक्लिंग में झारखंड का शानदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण व एक रजत पदक जीते

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ट्रैक साइक्लिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ आज खेलगांव स्थित सिद्धू-कानू वेलोड्रोम स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में झारखंड में खेल अधोसंरचना का तेज़ी से विकास हुआ है और जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देता रहेगा। उन्होंने खेल को शारीरिक विकास के साथ-साथ व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम बताया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी रांची श्री कुमार रजत, झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव श्री मधुकांत पाठक, एथलेटिक संघ के एस.के. पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, शैलेंद्र पाठक, सुरजीत सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों की आईटीटी स्पर्धाओं में देशभर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

आईटीटी 500 मीटर (बालक अंडर-14) वर्ग में मणिपुर के पोइरेंगानबा चानमबाम ने स्वर्ण, मयेंगबाम हेंथोई सिंह ने रजत और राजस्थान के अभिनव बिश्नोई ने कांस्य पदक जीता।

आईटीटी 500 मीटर (बालक अंडर-17) वर्ग में दिल्ली के नरेंगमाम मैक्सन सिंह ने स्वर्ण, मणिपुर के युमनाम सुशील सिंह ने रजत और अंडमान-निकोबार के लियोनाल्ड बैकर ने कांस्य पदक हासिल किया।

आईटीटी 500 मीटर (बालिका अंडर-17) वर्ग में अंडमान-निकोबार की नमिता वॉयलेट ने स्वर्ण, महाराष्ट्र की गायत्री चंद्रशेखर तंबवेकर ने रजत और अंडमान-निकोबार की आई.एस. ब्रिडनी ने कांस्य पदक जीता।

आईटीटी 500 मीटर (बालिका अंडर-19) वर्ग में झारखंड की सबिना कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया। इस स्पर्धा में अंडमान-निकोबार की ब्रिटनी को रजत और पंजाब की प्रभजोत कौर बेहनीवाल को कांस्य पदक मिला।

वहीं आईटीटी 1000 मीटर (बालक अंडर-19) वर्ग में झारखंड के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। बिकाश उरांव ने स्वर्ण और नारायण महतो ने रजत पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया, जबकि पंजाब के अरशदीप सिंह को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *