रांची 2nd ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन टूर्नामेंट–2026 का विधिवत शुभारंभ, मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान सहित विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन

रांची 2nd ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन टूर्नामेंट–2026 का विधिवत शुभारंभ, मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान सहित विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन
रांची।
माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के तत्वावधान में आयोजित 2nd All India Judges Badminton Tournament–2026 का आज विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि माननीय मुख्य न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय न्यायमूर्ति श्री तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति श्री रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति श्रीमती अनुभा रावत चौधरी एवं भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सुश्री निक्की प्रधान ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना एवं आपसी सहयोग को भी मजबूत करते हैं। ऐसे खेल आयोजन न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों को अपने व्यस्त दायित्वों के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता 03 से 04 जनवरी 2026 तक रांची स्थित खेलगांव परिसर के ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम (मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) में आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में देश के 09 विभिन्न उच्च न्यायालयों — झारखंड, इलाहाबाद, मद्रास, तेलंगाना, बॉम्बे, राजस्थान, केरल, कर्नाटक एवं ओडिशा से आए कुल 31 माननीय न्यायाधीश भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट का उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता के दौरान मेन सिंगल्स, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स एवं मिक्स्ड डबल्स — कुल चार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें माननीय न्यायाधीश अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
माननीय उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु खेलगांव परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के लिए विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, रांची द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रबंधन एवं प्रभावी समन्वय की सराहना की गई। इस अवसर पर न्यायमूर्ति श्री रोंगोन मुखोपाध्याय द्वारा उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री को जिला प्रशासन के उल्लेखनीय सहयोग एवं कुशल प्रशासनिक व्यवस्था के लिए सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *