रांची में मोटर पंप चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रांची में मोटर पंप चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बुढ़मू (रांची) :
रांची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत चांया गांव में मोटर पंप चोरी के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 18 वर्षीय विक्की नायक के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में मुख्य आरोपी पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि कामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, करीब आठ दिन पहले गांव के कामेश्वर यादव और विष्णु यादव के कुएं से मोटर पंप चोरी हो गया था। चोरी के चार दिन बाद एक मोटर पंप वापस मिल गया, जबकि दूसरा पंप नहीं मिला। इसी संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने विक्की नायक और विवेक मुंडा को पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि विवेक मुंडा को हल्की मारपीट के बाद छोड़ दिया गया, जबकि विक्की नायक को लात-घूंसे और डंडों से बेरहमी से पीटा गया। पिटाई के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए रिम्स ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां भुटकी देवी ने बताया कि गुरुवार रात कामेश्वर यादव उनके घर आया था और विक्की पर चोरी स्वीकार करने का दबाव बनाया। शुक्रवार सुबह, जब विक्की शौच के लिए घर से निकला, तो उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाया गया।
मां के अनुसार, विक्की लगातार खुद को बेगुनाह बताता रहा, लेकिन भीड़ ने उसकी एक न सुनी और उसकी जान ले ली।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अन्य आरोपियों की पहचान कर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *