रांची में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो अपराधी गोली लगने से घायल, हथियारों का जखीरा बरामद

रांची में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो अपराधी गोली लगने से घायल — हथियारों का जखीरा बरामद

 राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह के दो कुख्यात अपराधी गोली लगने से घायल हो गए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य अपराधियों को पुलिस टीम ने पीछा कर धर दबोचा है।

सूत्रों के अनुसार, एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य खलारी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और इलाके में छापेमारी शुरू की गई।

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दो अपराधी गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए पुलिस हिरासत में अस्पताल भेजा गया है।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद किया है, जिनमें कई देसी कट्टे, पिस्तौल, कारतूस और अन्य आपराधिक सामान शामिल हैं।

वहीं, पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है।

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शेगी नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *