रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग कॉलोनी चौक पर शनिवार दोपहर दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। दोपहर करीब 2:08 बजे बाइक सवार अपराधियों ने अकेली महिला से चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन महिला ने साहस दिखाते हुए उनका मुकाबला किया।
चेन छीनकर भागने के दौरान दोनों अपराधी बाइक समेत गिर पड़े। एक अपराधी तुरंत उठकर पैदल भागने लगा। महिला ने अपना चेन बचाने के बाद भी हिम्मत नहीं हारी और उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़ पड़ी।
पीछा होते देख आरोपी ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली चलते ही महिला रुक गई। इसी बीच दूसरा अपराधी गिरा हुआ बाइक उठाकर अपने साथी के पास पहुंचा और दोनों मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना प्रभारी और डीएसपी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस को अपराधियों के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
पीड़ित महिला का कहना है कि अगर आसपास मौजूद लोग मदद करते, तो दोनों अपराधियों को पकड़ा जा सकता था।


