रांची जिला प्रशासन द्वारा शीतलहर से राहत हेतु व्यापक अभियान
रांची जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंद, बेसहारा एवं असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कंबल वितरण एवं अलाव की व्यवस्था की जा रही है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची, मंजूनाथ भजन्त्री स्वयं इस राहत अभियान की निगरानी कर रहे हैं। वे नियमित रूप से रात्रि भ्रमण कर शहर के प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं तथा जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण सुनिश्चित कर रहे हैं।
वृद्धजनों के बीच कंबल वितरण
इसी क्रम में आज उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने चिरौंदी, रांची स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचकर वृद्धजनों एवं आश्रमवासियों के बीच कंबल वितरित किए। वृद्धजनों ने जिला प्रशासन के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया और ठंड से राहत मिलने पर प्रसन्नता जाहिर की।
जिलेभर में अलाव की व्यवस्था
जिला प्रशासन द्वारा रांची शहरी क्षेत्र सहित सभी प्रखंडों के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि खुले में रहने वाले लोगों को ठंड से बचाया जा सके।
जनता से अपील
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं कोई व्यक्ति ठंड से पीड़ित, बेसहारा या असहाय अवस्था में दिखे, तो तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष, निकटतम थाना या प्रखंड कार्यालय को सूचना दें, ताकि समय पर राहत पहुंचाई जा सके।
जिला प्रशासन शीतलहर से बचाव को अपनी प्राथमिकता मानते हुए इस अभियान को निरंतर जारी रखे हुए है।


