रांची के बिल्डर से राहुल दुबे गैंग ने मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, जान से मारने की धमकी
रांची: झारखंड में बिल्डरों और कारोबारियों को धमकी भरे कॉल आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजधानी रांची से सामने आया है, जहां कुख्यात राहुल दुबे गैंग के नाम पर एक बिल्डर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। मामले को लेकर अरगोड़ा थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अरगोड़ा थाना क्षेत्र निवासी बिल्डर राफे कमाल ने पुलिस को बताया कि उनकी पंडरा स्थित जमीन को लेकर कुछ लोग लगातार उन्हें धमका रहे थे। धमकी देने वालों में तौसिफ, नईम, बादशाह और आसिफ के नाम सामने आए हैं। राफे कमाल ने चारों के खिलाफ अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एफआईआर के अनुसार, 6 जनवरी को जब राफे कमाल अपनी पंडरा स्थित जमीन पर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने खुद को राहुल दुबे गैंग और अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए जमीन पर काम करने से मना कर दिया और जबरन वहां से भगा दिया। आरोप है कि इन लोगों ने जमीन न छोड़ने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी।
इसके बाद उसी दिन शाम को 60110xxxxx नंबर से एक अज्ञात व्यक्ति ने राफे कमाल के मोबाइल पर मैसेज भेजा। मैसेज भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गैंग का प्रकाश शुक्ला बताते हुए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर उन्हें उसी जमीन में दफन करने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, 17 जनवरी को आरोपियों ने राफे कमाल के भाई की रेकी कर वीडियो बनाकर भेजा, जिससे पूरा परिवार दहशत में आ गया। लगातार मिल रही धमकियों से डर के कारण राफे कमाल ने अरगोड़ा थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 22/2025 दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 111(2), 111(31), 111(51) और 308(A) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में राहुल दुबे गैंग द्वारा राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में रंगदारी के लिए कॉल और मैसेज किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद से बिल्डर का पूरा परिवार डरा-सहमा हुआ है और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
