रांची : ईडी बनाम रांची पुलिस मामले में हाईकोर्ट की सुनवाई, पुलिस जांच पर रोक
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और रांची पुलिस के बीच विवाद को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में आज सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए ईडी कार्यालय की सुरक्षा सीआईएसएफ और बीएसएफ को सौंपने का आदेश दिया है।
हाईकोर्ट ने रांची पुलिस द्वारा की जा रही जांच पर फिलहाल रोक लगा दी है। साथ ही अदालत ने रांची के एसएसपी को निर्देश दिया है कि वे ईडी कार्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करें। कोर्ट ने स्पष्ट कहा है कि यदि ईडी कार्यालय में किसी प्रकार की कोई घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी एसएसपी की होगी।
इसके अलावा हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को भी नोटिस जारी करते हुए पूरे मामले में सात दिनों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
इस आदेश के बाद ईडी बनाम रांची पुलिस मामले में नया मोड़ आ गया है। अब सभी की नजरें राज्य सरकार के जवाब और अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।
