मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक 13 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गया
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में आज झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राज्य के विकास, प्रशासनिक सुचारू संचालन, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण तथा कल्याण योजनाओं से जुड़े कुल 13 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मुख्य निर्णय
1-कैंबो मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को स्वीकृति
राँची जिले के मांडर एवं चान्हो प्रखंड के आंशिक भू-भाग में भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कैंबो मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के लिए ₹236.20 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
2-घाटशिला उपचुनाव के लिए निधि स्वीकृत
45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा उपचुनाव संचालन हेतु ₹7.84 करोड़ झारखंड आकस्मिकता निधि से अग्रिम रूप में उपलब्ध कराने की अनुमति दी गई।
3-VIP/VVIP हेलीकॉप्टर सेवा विस्तार
राज्य के VIP/VVIP उड़ान कार्यक्रम के लिए Bell-429 Twin Engine Helicopter की सेवा अवधि को समान दर एवं शर्तों के साथ 6 माह के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
4-डॉ. रंजीत प्रसाद से संबंधित अपील पर निर्णय स्वीकृत
ईटकी आरोग्यशाला, ईटकी-सह-निदेशक, एस.टी.डी.सी. के तत्कालीन अधीक्षक डॉ. रंजीत प्रसाद के अपील अभ्यावेदन पर निर्णय की स्वीकृति दी गई।
5-Allied & Healthcare Council Rules 2025
Jharkhand State Allied and Healthcare Council Rules, 2025 के गठन को स्वीकृति दी गई।
6-अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों को राहत
अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुश्री सलीमा टेटे एवं सुश्री निक्की प्रधान को झारखंड आवास बोर्ड द्वारा निःशुल्क भूखंड आवंटन के निबंधन में मुद्रांक एवं निबंधन शुल्क से छूट दी गई।
7-दुमका में सड़क निर्माण को स्वीकृति (बरमसिया–शहरघाटी मार्ग)
8.13 कि.मी. लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण व पुनर्निर्माण हेतु ₹44.93 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।
8-दुमका में एक अन्य सड़क परियोजना (करमाटांड–भोगतानडीह मार्ग)
7.77 कि.मी. लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण कार्य हेतु ₹35.81 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
9-बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर आवास योजना में सहयोग राशि वृद्धि
आवास योजना की सहयोग राशि ₹1.30/1.20 लाख से बढ़ाकर ₹2.00 लाख की गई तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 का लक्ष्य भी बढ़ाने की स्वीकृति दी गई।
10-ग्रेन गोला चौकीदारों को प्रोन्नति के अनुसार वेतनमान स्वीकृत
W.P.(S) No. 6611/2018 (बिनोद लकड़ा एवं अन्य) मामले में याचिकाकर्ताओं को 5200-20200, G.P. 2400/- वेतनमान अनुमन्य किया गया।
11- विधानसभा मानसून सत्र का सत्रावसान स्वीकृत
षष्ठम झारखंड विधानसभा के तृतीय (मानसून) सत्र (01-04 अगस्त व 22-28 अगस्त 2025) के सत्रावसान को मंजूरी दी गई।
12- मल्टी पर्पस स्टाफ नियमावली, 2025 को स्वीकृति
“झारखंड राज्य बहुद्देशीय कर्मी (Multi Purpose Staff) संवर्ग (भर्ती एवं सेवाशर्तें) नियमावली, 2025” के गठन की स्वीकृति दी गई।
13- तकनीकी संस्थानों के शिक्षकों की पेंशन पुनरीक्षण स्वीकृत
राजकीय अभियंत्रण एवं पोलिटेकनिक संस्थानों के 01.01.2016 के पूर्व सेवानिवृत्त/मृत शिक्षकों की पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन पुनरीक्षण को स्वीकृति दी गई।
