मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की शिष्टाचार भेंट
नववर्ष 2026 की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सभी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उपस्थित सभी अधिकारियों का स्वागत करते हुए नववर्ष की शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नववर्ष नया संकल्प, नई ऊर्जा और नए अवसरों का संदेश लेकर आता है। राज्य के सर्वांगीण विकास हेतु सकारात्मक सोच और प्रतिबद्धता के साथ सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 झारखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हो, इस लक्ष्य के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन और जनता के सामूहिक सहयोग से झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में यह वर्ष निर्णायक साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का आह्वान किया तथा राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना करते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
उपस्थित अधिकारी
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों में अध्यक्ष, राज्य वित्त आयोग श्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, सीईओ जेएसएलपीएस श्री अनन्य मित्तल, अपर सचिव उद्योग श्रीमती प्रीति रानी, अपर सचिव वित्त श्री धनंजय सिंह, अपर सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता श्रीमती सीता पुष्पा, निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री विजय कुमार सिंह, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम श्री कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां श्री नीतीश कुमार सिंह, उपायुक्त कोडरमा श्री ऋतुराज शामिल थे।
वहीं पुलिस अधिकारियों में डीजी होमगार्ड श्री एम.एस. भाटिया, डीआईजी दुमका श्री अमर लकड़ा, एसपी लोहरदगा श्री सादिक अनवर रिज़वी, एसपी सरायकेला-खरसावां श्री मुकेश कुमार लुनायत, एसपी गोड्डा श्री मुकेश कुमार, एसपी गुमला श्री हारिश बिन जमां, एसपी खूंटी श्री मनीष टोप्पो, एसपी ट्रेनिंग सेंटर मुसाबनी श्री विजय आशीष कुजूर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



