मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में “फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज” के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।


मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में “फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज” के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में औद्योगिक विकास, औद्योगिक नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग जगत के समक्ष उत्पन्न हो रही व्यावहारिक चुनौतियों, निवेश से जुड़े मुद्दों एवं उनके संभावित समाधानों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और झारखंड के आर्थिक सशक्तिकरण में “फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज” की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही तथा कहा कि राज्य सरकार व्यवसाय के अनुकूल वातावरण सृजित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि राज्य में निवेश को बढ़ावा मिले और रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
इस अवसर पर “फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज” के अध्यक्ष श्री आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष श्री राम बांगड़, महासचिव श्री रोहित अग्रवाल, सह सचिव श्री नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य श्री मुकेश अग्रवाल, मनीष श्राफ एवं डॉ. अभिषेक रामाधीन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *