मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओएएम की मुलाकात, ऑस्ट्रेलिया आने का दिया निमंत्रण
रांची, हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओएएम ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को ऑस्ट्रेलिया आने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
इस मुलाकात में ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल में प्रोफेसर सुशान मार्क्स (इंटरनेशनल लॉ), टॉम सैंडरफोर्ड (फर्स्ट सेक्रेटरी) तथा सुश्री अनघा (सीनियर इकोनामिक रिसर्च अफसर, ऑस्ट्रेलियन कांसुलेट जनरल, कोलकाता) भी शामिल थीं।
आपसी संबंधों और सहयोग पर चर्चा
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस बैठक के दौरान झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करने, विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर सहयोग बढ़ाने तथा राज्य में निवेश की संभावनाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
श्रम आधारित से ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर को झारखंड में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों, निवेश अवसरों एवं राज्य सरकार की नीतियों से अवगत कराया। उन्होंने श्रम आधारित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ते हुए ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में राज्य को ले जाने के अपने संकल्प पर भी चर्चा की, जिस पर ऑस्ट्रेलियाई पक्ष ने सहयोग और साझेदारी का भरोसा दिलाया।
खान सुरक्षा और जनजातीय विकास पर विशेष संवाद
बैठक के दौरान खान सुरक्षा, सुरक्षित खनन और खनन के बाद भूमि पुनर्वास जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई। हाई कमिश्नर श्री फिलिप ग्रीन ने ऑस्ट्रेलिया में अपनाई जा रही आधुनिक खान सुरक्षा तकनीकों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने खनन के बाद भूमि को विकसित कर स्थानीय समुदायों को लौटाने की ऑस्ट्रेलिया सरकार की नीति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।
इसके साथ ही दोनों पक्षों के बीच जनजातीय समुदायों के विकास को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। हाई कमिश्नर ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में भी बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय निवास करते हैं और उनके समग्र विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
यह मुलाकात झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग, निवेश और सतत विकास के नए अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




