मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से विश्व बैंक प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, विकास योजनाओं पर रांची में होगी संयुक्त कार्यशाला

ख़बर

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से विश्व बैंक प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, विकास योजनाओं पर रांची में होगी संयुक्त कार्यशाला


मुख्यमंत्री  हेमन्त सोरेन से आज नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में विश्व बैंक के भारत स्थित कंट्री निदेशक श्री ऑगस्टे तानो कौमे के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।

बैठक के दौरान विश्व बैंक प्रतिनिधियों ने झारखंड सरकार की गरीबों के उत्थान हेतु चलाई जा रही मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की विशेष रूप से सराहना की। कौमे ने झारखंड के सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया।

मुख्यमंत्री सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य में ग्रामीण आर्थिक विकास, अक्षय ऊर्जा, पर्यटन, उत्पादन, कृषि, शिक्षा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रही विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने राज्य में निवेश की संभावनाओं को लेकर भी प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया।

विश्व बैंक की टीम ने भारत में उनके द्वारा समर्थित परियोजनाओं के अनुभव साझा किए और झारखंड में विकास योजनाओं, कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा क्रियान्वयन व्यवस्था को और मजबूत करने में सहयोग देने की इच्छा जताई।

बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग को और गहरा करने की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए राजधानी रांची में एक संयुक्त चर्चा और कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति जताई। इस पहल से राज्य के नागरिकों को विकास योजनाओं का अधिक लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *