मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह की मुलाकात, एचआईएल 2025-26 के उद्घाटन में मुख्य अतिथि बनने का निमंत्रण
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी, रांची में 28 दिसंबर 2025 से आयोजित होने वाली हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को इस प्रतिष्ठित हॉकी लीग के आयोजन से जुड़ी तैयारियों, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हॉकी इंडिया लीग के आयोजन से राज्य में हॉकी को नई पहचान मिलेगी और युवाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हॉकी इंडिया लीग के आयोजन का स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की भूमि है और ऐसे बड़े आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करेंगे। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।


