देश

मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में गिरी 5 मंजिला इमारत ; 12 की मौत, 22 जख्मी

मुंबई। शहर में तेज बारिश के बाद जेजे मार्ग पर एक पांच मंजिला इमारत गिर गई। 12 की मौत हो गई। 22 जख्मी लोगों को मलबे से निकाला गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है। बता दें कि मंगलवार को मुंबई में 316 मिमी बारिश हुई थी। कई इलाकों में जल भराव के बाद शहर ठप पड़ गया था। इसके साथ, मुंबई में बारिश से जुड़े हादसों में मरने वालों की तादाद 26 हो गई। वेदर डिपार्टमेंट ने एक बार फिर गुरुवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

7 प्वाइंट्स में समझें पूरे मामले को…

1) कहां है ये इमारत और कब हुआ हादसा?
यह इमारत साउथ मुंबई के भिंडी बाजार में है। हादसा करीब सुबह 8:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि इसमें 13 परिवार रह रहे थे। इस इमारत का नाम अर्शीवाला है। यह 117 साल पुरानी है। भिंडी बाजार मुस्लिम आबादी वाला इलाका है। अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम का बचपन इसी इलाके में बीता। जिस जगह यह बिल्डिंग गिरी है, वहां से कुछ दूरी पर दाऊद का घर है। इस इलाके की ज्यादातर बिल्डिंग जर्जर हो चुकी हैं। सकरी गलियां होने के कारण दिन में यहां लंबा ट्रैफिक जाम लगता है।

2) हादसा किस वजह से हुआ?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस इमारत की पहली या दूसरी मंजिल में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। हालांकि, लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इसके आसपास रहने वालों ने भी बताया कि बिल्डिंग ठीक हालात में थी। देखकर ऐसा नहीं लगता कि वह गिर जाएगी।
हालांकि, 2011 में इसे खतरनाक बिल्डिंग की लिस्ट में डालकर बीएमसी ने खाली करने का आदेश दिया गया था। रीकन्सट्रक्शन स्कीम के तहत इसका रेनोवेशन होना था। कुछ फैमिली ने इसी हफ्ते घर छोड़ दिया था।

3) कितना नुकसान हुआ?
अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। 25 लोग जख्मी हैं, इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। फायर बिग्रेड के 2 कर्मचारी भी जख्मी हुए हैं। अभी भी कई लोग मलबे में फंसे हैं और अंदर से अपने परिजनों को फोन कर बचाने की गुहार लगा रहे हैं।

4) मुंबई में ऐसी कितनी खतरनाक बिल्डिंग हैं?
बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कार्पोरेशन (बीएमसी) ने पूरी मुंबई में 625 इमारतों को खतरनाक घोषित कर उन्हें खाली करने का नोटिस दिया हुआ है।

5) लोग इस तरह की बिल्डिंग छोड़ते क्यों नहीं है?
मुंबई में 600 से ज्यादा बिल्डिंग हैं, जिन्हें बीएमसी की ओर से खतरनाक घोषित कर तुरंत खाली करने का आदेश दिया गया है। इन इमारतों में रहने वाले लोगों का कहना है कि, बिल्डर बीएमसी के अधिकारियों से साठगांठ कर इस तरह के नोटिस देते हैं। ताकि लोग इमारत खाली कर दें और वे इनकी जगह दूसरे फ्लैट्स बना कर महंगे दामों में बेंच सकें। इसके अलावा लोगों को एक डर यह भी सताता है कि मुंबई जैसे शहर में घर की कीमत करोड़ों में है। अगर यहां घर छोड़ दिया तो वे फिर से दूसरा घर नहीं खरीद सकेंगे। इसलिए ज्यादातर लोग इन घरों को खाली नहीं करते।

6) एक महीने में दूसरा हादसा
26 जुलाई को घाटकोपर में 4 मंजिला इमारत गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई थी। इसमेंं करीब 12 परिवार रहते थे। इसके बेसमेंट में हॉस्पिटल चल रहा था। क्लीनिक पर एक पिलर से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था।

7) लोग मदद के लिए आगे आए
हादसे की जानकारी मिलने के बाद आसपास रहने वालों ने खुद ही बचाव का काम शुरू कर दिया। मौके पर 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास की बिल्डिंग्स पर भी असर हुआ है। उनमें दरारें आ गई हैं।

# मुंबई में भारी बारिश के बाद अब हालात सामान्य हुए ?
मुंबई में सोमवार से बुधवार तक भारी बारिश हुई। मंगलवार को शहर 316 मिमी बारिश हुई। इससे कई इलाकों में पानी भर गया था। हजारों लोग फंस गए थे। लोकल ट्रेन से लेकर बस सर्विस और एयर ट्रैफिक पर भी असर पड़ा था। गुरुवार यहां के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। बॉम्बे हॉस्पिटल के डॉक्टर की बॉडी मिली उधर, मंगलवार को भारी बारिश के दौरान बॉम्बे हॉस्पिटल के डॉक्टर दीपक अमरापुरकर लापता हो गए थे। उनका शव 48 घंटे बाद मिल गया। वहीं, मुलुंड के लापता डॉ. एम. वैद्य का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जबकि सायन इलाके में बुधवार को 30 साल के वकील प्रियन की लाश उनकी गाड़ी से बरामद की गई। आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत दम घुटने से हुई।

नॉर्थ- सेंट्रल महाराष्ट्रऔर नॉर्थ कोंकण में भारी बारिश का अलर्ट
वेदर डिपार्टमेंट के मुताबिक, नॉर्थ कोंकण और नॉर्थ- सेंट्रल महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा, मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में सामान्य से भारी बारिश हो सकती है। डिजास्टर मैनेजमेंट ने इसके मद्देनजर लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।

बीएमसी के बचाव में उतरे उद्धव ठाकरे
बारिश के बाद विपक्ष ने बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कार्पोरेशन की सत्ता पर काबिज शिवसेना पर निशाना साधा। शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे ने बुधवार को बीएमसी की जमकर तारीफ की। उद्धव ने कहा कि, बीएमसी के बेहतर काम के चलते ही इतने जल्दी स्थिति सामान्य हो पाई है। बता दें कि मंगलवार को शहर में 316 मिमी बारिश हुई थी। इससे जगह-जगह पानी भर गया था।
बारिश के चलते ऑस्ट्रेलियाई मंत्री का मुंबई दौरा रद्द
मुंबई में बारिश के कारण ऑस्ट्रेलिया के सीनियर मिनिस्टर ने अपना दौरा रद्द कर दिया। ऑस्ट्रेलिया कॉन्सुलेट जनरल ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के व्यापार, पर्यटन और निवेश मंत्री
स्टीवेन सिओबो को गुरुवार को बंबई शेयर बाजार और बीएसई इंस्टीट्यूट पहुंचना था। उनके इस दौरे का मकसद दोनों देशों के बीच निवेश और शिक्षा क्षेत्र में संबंधों को आगे बढ़ाना
था, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका यह दौरा रद्द कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *